खुंटी
पुलिस ने नष्ट की 25 एकड़ अफीम की अवैध खेती
By Deshwani | Publish Date: 11/1/2018 7:48:40 PM खूंटी (हि.स.)। खूंटी पुलिस ने एक बार फिर अफीम की अवैध खेती के खिलाफ मुहिम छेड़ दी है। गुरुवार को पुलिस ने अड़की थाना के राय तोड़ांग, कोवा जानमडीह सहित कई इलाकों में अभियान चला कर लगभग 25 एकड़ खेत में लगी अफीम की अवैध फसल को नष्ट कर दिया। दो दिन पहले भी पुलिस ने राय तोड़ांग और दुंदीडीह में डेढ़ एकड़ में लगी पोस्ते की खेती को नष्ट किया था।
अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अड़की थाना के रायतोड़ांग सहित अन्य इलाकों में भारी मात्रा में अफीम की खेती की गयी है। सूचना के सत्यापन के बाद परीक्ष्यमान पुलिस अधीक्षक आशुतोष कुमार सत्यम व वरुण रजक और एसएसबी 26 बटालियन के सहायक कमांडेंट विकास जायसवाल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम में अड़की के थाना प्रभारी हरिदेव प्रसाद, मुरहू के थानेदार अरूण कुमार दूबे व एएसआई कमलेश चौधरी के अलावा जिला बल, जैप और एसएसबी के जवानों को शामिल किया गया।
टीम ने गुरुवार को सुबह सात बजे से 12 तक अभियान चला कर पोस्ते की अवैध खेती को नष्ट कर दिया। एसपी ने बताया कि पिछले वर्ष भी पुलिस ने अफीम की खेती के खिलाफ अभियान चला कर 1588 एकड़ खेत में लगी अफीम की फसल को नष्ट किया था। साथ ही 46 किलोग्राम अफीम भी बरामद की गयी थी। इस मौके पर प्रशिक्षु डीएसपी आशुतोष कुमार सत्यम, वरूण रजक और इंस्पेक्टर अहमद अली भी मौजूद थे।