खुंटी
भारी बारिश में गनालोया पुल धंसा, कभी भी ढहने की आशंका
By Deshwani | Publish Date: 27/7/2017 10:18:20 AMखूंटी, (हि. स.)। भारी बारिश में जिले के पुल-पुलिया के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। मुरहू में गुरमी एवं गनालोया के बीच बनी नदी पर निर्मित पुल पानी के दबाब में बीच में धंस गया है। जो कभी भी ध्वस्त हो सकता है। इस संबंध में एसडीओ ने बताया कि पुल काफी खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है।
बारिश कम नहीं हुई तो वह पुल कभी भी बह सकता है। पुल की इस स्थिति को देखते हुए एसडीओ ने भारी और बड़े वाहनों के पुल से गुजरने पर रोक लगा दी है। उधर, सिलादोन-भुसूर पथ में एक डायवर्सन बह गया है। इससे उस क्षेत्र के लोगों का आवागमन ठप हो गया है। भुसर के पास पुल का निर्माण हो रहा है। यह पथ रिंग रोड को जोड़ता है। डायवर्सन बहने से लोगों की समस्या बढ़ गयी है।
एसडीओ प्रणब कुमार पाल ने बनई नदी की विकरालता एवं फॉल में बने ब्रिज की कमजोर स्थिति को भांप तत्काल पर्यटकों को बाहर निकाल दिया। एसडीओ ने बताया कि अगले आदेश तक पंचघाघ में पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी गई है। यह कदम सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से उठाया गया है। जैसे ही पानी कम होगा, रोक हटा दी जायेगी। इस बाबत पंचघाघ समिति को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं।