खगड़िया
नीतीश कुमार को जनता सबक सिखाएगी : तेजस्वी
By Deshwani | Publish Date: 17/8/2017 10:10:34 AMखगड़िया, (हि.स.)। 'बिहार में एनडीए को सत्ता में लाने से जनादेश का अपमान हुआ है और इसका बदला समय आने पर जनता ईवीएम मशीन का बटन दबाकर लेगी।' उक्त बातें पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जनादेश अपमान यात्रा के दूसरे चरण में खगड़िया शहर के जननायक कर्पूरी ठाकुर इंटर स्तरीय विद्यालय स्टेडियम में आयोजित सभा को बुधवार की देर रात संबोधित करते हुए कही।
तेजस्वी ने उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को अफवाह मास्टर बताया और कहा कि सृजन घोटाला से ध्यान बंटाने के लिए राजद कार्यकर्ताओं के विरुद्ध हमले का आरोप लगाया जा रहा है। तेजस्वी यादव ने सुशील कुमार मोदी के साथ घटित घटना पर बेहद दुख प्रकट किया और कहा कि उन्हें पता नहीं था कि उनके पीछे कौन चल रहा है, जब जानकारी मिली कि सुशील मोदी की गाड़ी पर हमला हुआ है तो उन्हें दुख हुआ। उनका साफ तौर पर कहना है कि गांधी जी की विचारधारा के रास्ते पर चलने वाले राजद कार्यकर्ता कभी हिंसा का रास्ता नहीं अपना सकते।
बावजूद इसके डिप्टी सीएम सुशील मोदी को एसपीजी की सुरक्षा के बावत पीएम से मांग करनी चाहिए। तेजस्वी ने दहाड़ते हुए कहा कि जनादेश के अपमान से तप रही जनता के गुस्से को देखकर अपना नियंत्रण खो चुके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सुशील मोदी बौखलाए हुए हैं। जनता के साथ दगा करने वाले लोग जनादेश अपमान यात्रा को बदनाम करने चाहते हैं।