बिहार
अपराधियों ने वृद्ध की गोली मारकर की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 27/1/2017 5:29:41 PMजमुई/चंद्रदीप, (हि.स.)। बिहार में जमुई जिले के चंद्रदीप थाना क्षेत्र के नोनी गांव में गुरूवार की देर रात्रि में लगभग 12 बजे सुसुप्तावस्था में एक वृद्ध व्यक्ति की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक वृंदावन सिंह (65 वर्ष) अपने दलान (बंगला) में प्रति दिन की तरह खाना खाकर सोने के लिए दलान पर चले जाते थे। इसी क्रम में गुरूवार को भी वे खाना खाकर बंगला में सो गये थे। परिजनों ने बताया कि रात में गोली की चलने की आवाज सुनकर ग्रामीणों में शोरगुल हुआ और लोग कहने लगे कि वृंदावन काका को गोली मारा दी है | तब परिजन वहाँ गये तो देखा कि बिस्तर पर खून से लहुलुहान होकर मृत पड़े हैं।
हत्या की घटना की सूचना मिलते ही जमुई के पुलिस उपाधीक्षक मो. निसार अहमद,चंद्रदीप के थानाध्यक्ष संजय विश्वास, सिकंदरा के थानाध्यक्ष विवेक भारती दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया है। घटना के कारण का उद्भेदन अभी तक नहीं हो पाया है। थानाध्यक्ष संजय विश्वास ने बताया की पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। समाचार संप्रेषण की अवधि तक में मृतक के परिजनों के द्वारा पुलिस को आवेदन नहीं मिला है।