झारखंड
रांची के मोहराबादी मैदान में होगा नई सरकार का शपथग्रहण, समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, राज्यसभा उपाध्यक्ष हरिवंश व कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शामिल होने की संभावना
By Deshwani | Publish Date: 27/12/2019 8:25:24 PMरांची। रांची के मोरहाबादी मैदान में 29 दिसंबर को आयोजित नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में देश के बड़े राजनेता शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि इस शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रियंका वाड्रा के भी शामिल होने की संभावना है।
इसके अलावा उद्योग जगत की कई हस्तियों के भी समारोह में शामिल हो सकते हैं। शपथ ग्रहण की तैयारियां अंतिम चरण में है। समारोह को लेकर आज रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने एसएसपी अनीश गुप्ता, डीडीसी अनन्या मित्तल व सदर एसडीएओ लोकेश मिश्रा के साथ मोहराबादी मैदान का जयाजा लिया। इस समारोह में बिना पास प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शुक्रवार को रांची में पत्रकारों को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाली हस्तियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गाँधी भी समारोह में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि समारोह में कई गैर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार का स्वरूप अभी स्पष्ट नहीं है। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि पार्टी कोटे से पांच मत्रिमंडली में पांच मंत्री शामिल हो सकते हैं। 2013 में हेमंत सोरेन सरकार में कांग्रेस के पांच मंत्री थे।