झारखंड
झारखंड: पलामू में व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, एक अन्य घायल
By Deshwani | Publish Date: 6/7/2021 9:29:53 PMरांची। पलामू जिले के पांकी बाजार में सोमवार की देर शाम में जीतू गुप्ता नामक व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों की गोलीबारी में मो. शफीक नामक एक अन्य व्यक्ति पैर में गोली लगने से घायल हो गया। बाजार में सरेशाम गोलियां चलने से भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बताया जाता है कि जीतू गुप्ता और मो. शफीक ठाकुरबाड़ी के पास एक दुकान पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां मोटरसाइकिल से पहुंचे दो अपराधियों ने उन्हें लक्ष्य कर फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में जीतू गुप्ता को दो जबकि शफीक को एक गोली लगने की बात शुरुआती जांच में सामने आई। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को पांकी सीएचसी पहुंचाया। वहां प्रारंभिक इलाज के बाद दोनों को मेदिनीनगर स्थित एमआरएमसीएच भेज दिया गया जहां जीतू गुप्ता की मौत हो गई।
स्थानीय कारोबारियों ने बताया कि पांकी बाजार में इस तरह की यह पहली घटना है। पांकी थाना के प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए घटना के 10 मिनट के अंदर ही मेदिनीनगर भेज दिया गया था। अपराधियों की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस उनका सुराग लगाने में जुटी है।