झारखंड
झारखंड: 6 मई तक बढ़ा लॉकडाउन, अब दिन में 2 बजे तक ही खुलेंगी दुकानें
By Deshwani | Publish Date: 28/4/2021 9:15:18 PMरांची। झारखंड में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को आपदा प्रबंधन प्राधिकार के सदस्यों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आंशिक लॉकडाउन को एक सप्ताह के लिए सख्ती के साथ बढ़ाया जा रहा है। अब जहां रात के आठ बजे तक राज्य में दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई थी। अब दुकानें दोपहर दो बजे तक ही खुलेंगी। दवा दुकानों के लिए समय की कोई बाध्यता नहीं है। आगामी छह मई की सुबह छह बजे तक यह आदेश प्रभावी रहेगा।
पूर्व में राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह 22 अप्रैल की सुबह छह बजे से 29 अप्रैल की सुबह छह बजे तक के लिए लागू किया था, लेकिन कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इसमें और सख्ती बरतने के आदेश के साथ इस स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह को एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। सीएम की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह व नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।