झारखंड
अवैध संबंध के शक में शख्स ने खेला खूनी खेल, पत्नी समेत परिवार के 5 सदस्यों की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 27/11/2019 1:06:22 PMकोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले एक दिल दहला देनेवाली घटना सामने आयी है। जिले के नवलसाही थाना क्षेत्र के मसमोहना हरिजन टोला में देर रात एक व्यक्ति ने अपने ही घर के पांच लोगों की हत्या कर दी। जबकि हमले में 7 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
परिजनों ने बताया कि बुधवार रात सभी घर में सोये थे अचानक उक्त आरोपी ने सभी को हसूली से मारकर उनकी हत्या कर दी। मारे गये लोगों में हत्यारे की गर्भवती (30) पत्नी शीला देवी, मां शांति देवी (50), पुत्र शिवकुमार (दो वर्ष) पुत्री राधिका कुमारी (पांच वर्ष) और भतीजी निकिता कुमारी( आठ वर्ष) शामिल है. सभी की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गंगा दास ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
घटना के बाद नवालशाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि हत्यारे को शक था कि उसकी पत्नी के अवैध संबंध हैं जिसके कारण उसने अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या कर दी। साथ ही बीच बचाव करने आयी अपनी मां और एक भतीजी को भी आरोपी ने टांगी से काट दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।