झारखंड
लोक जनशक्ति पार्टी झारखंड में 50 विधानसभा सीटों पर अकेले लड़ेगी चुनाव: चिराग पासवान
By Deshwani | Publish Date: 12/11/2019 2:43:07 PMदेवघर। लोकजन शक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने झारखण्ड विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा लोजपा 50 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बहुत जल्द पार्टी के द्वारा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी जाएंगी।
देवघर स्थित एक होटल के सभागार में लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि हमलोग चाहते थे कि हमारा गठबंधन जिस प्रकार बिहार में है, उसी के अनुरूप लोक जनशक्ति पार्टी झारखण्ड में भी अपने सहयोगी दल के साथ चुनाव लड़े। इसके लिए हमलोगों ने झारखण्ड की उन छह सीटों की मांग की थी, जिसमें भारतीय जनता पार्टी काफी कमजोर थी या फिर पिछले चुनाव में उनका प्रदर्शन खराब रहा था। इसको लेकर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से भी बातचीत चल रही थी। पर समय रहते उनलोगों की तरफ से कोई जवाब नहीं आया। अब इंतजार की घड़ी खत्म हो गयी है और लोक जनशक्ति पार्टी ने निर्णय लिया है कि झारखण्ड के कम से कम 50 सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर एनडीए में मतभेद पैदा हो गया। जहां एक तरफ लोजपा ने अलग से चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है वहीं आजसू ने भी भाजपा के खिलाफ अपने उम्मीदवार खड़े कर दिए हैं।