झारखंड
भाजपा राज्यसभा सांसद समीर उरांव की गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने किया पथराव, जांच में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 13/8/2019 4:14:23 PMरांची। झारखंड से भाजपा के राज्यसभा सांसद समीर उरांव की गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने हमला बोल दिया जिसमें वह बाल-बाल बच गए। हमले को लेकर इटकी थाना में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, राज्यसभा सांसद समीर उरांव सोमवार को भाजपा के सदस्यता अभियान से जुड़े एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद गुमला से लौट रहे थे। इसी दरमियान जैसे ही समीर उरांव की गाड़ी इटकी थाना क्षेत्र के गढ़ गांव के पास पहुंची तो वहां एक अज्ञात हमलावर ने उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंक कर हमला किया। पत्थर ठीक पीछे गाड़ी की खिड़की के पास जाकर लगा।
इस हमले में सांसद बाल-बाल बच गए। वहां से निकलकर सांसद ने पेट्रोल पंप पर शरण ली और एसएसपी को घटना के बारे में जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अज्ञात हमलावरों की तलाश जारी है।