झारखंड
बिहार के सबौर की महिला कांवरिया की देवघर में मौत, दिल की थी बीमारी
By Deshwani | Publish Date: 25/7/2019 5:46:01 PMदेवघर। भागलपुर जिला के सबौर की रहने वाली महिला कांवरिया निर्मला देवी आज सुबह देवघर में मौत हो गयी। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को निर्मला अपने पुत्र गुड्डू पांडेय, मनोज पांडेय व अन्य ग्रामीणों के साथ कांवर लेकर निकली थी. बुधवार करीब दो बजे सभी ने कांवर में गंगाजल भरकर यात्रा शुरू की।
दोपहर में तारापुर के समीप पहुंचकर निर्मला ने असहज महसूस किया। उन्होंने पैदल चलने में असमर्थता जतायी और अपना जल पुत्र को देकर बस पर चढ़ गयीं। उनके दोनों पुत्र ग्रामीणों के साथ पैदल आगे बढ़ने लगे। आज सुबह करीब छह बजे पीसीआर ने निर्मला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना बैद्यनाथधाम ओपी को दी गयी।
प्रभारी एएसआई सिकंदर यादव ने निर्मला के बटुआ से एक कागज पर लिखे मोबाइल पर कॉल कर मामले की सूचना उसके पुत्रों को दी। निर्मला देवी के पुत्र अन्य लोगों के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुत्र गुड्डू के मुताबिक, उसकी मां को दिल की बीमारी थी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।