झारखंड
रिश्वत लेने के आरोप में एसआई लक्ष्मण वान सिंह रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी ने की कार्रवाई
By Deshwani | Publish Date: 14/2/2019 1:32:05 PMधनबाद। झारखंड में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने एक रिश्वतखोर सब इंस्पेक्टर को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सब इंस्पेक्टर लक्ष्मण वान सिंह धनबाद जिला के धनसार थाना में पदस्थापित है। एसीबी की टीम ने आज सुबह यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, अपहरण के एक मामले के जांच पदाधिकारी लक्ष्मण वान सिंह ने केस को मजबूत करने के लिए अमरनाथ सिंह से 5,000 रुपये की मांग की थी। आज सुबह एसआइ रिश्वत की पहली किस्त ले रहे थे। रिश्वत लेते समय ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अपहरण का एक मुकदमा (कांड संख्या 8/19) धनसार थाना में दर्ज है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। शिकायतकर्ता अमरनाथ चाहता था कि तीनों आरोपियों के खिलाफ इतना मजबूत केस बने कि वह जेल से बाहर न आ सके। इसी एवज में सब इंस्पेक्टर ने रिश्वत की मांग की थी।
समाचार लिखे जाने तक एसीबी की टीम लक्ष्मण वान सिंह को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गयी।