झारखंड
बढ़ा हाथियों का आतंक, खलिहान में गई महिला को पटक कर ली जान
By Deshwani | Publish Date: 2/1/2019 4:03:05 PMरांची। जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथी के आतंक से एक ओर जहां ग्रामीणों की जान जा रही है। वहीं, वन विभाग इस आतंक को रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। आज तमाड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह में फिर जंगली हाथियों का आतंक देखने को मिला। हाथी के झुंड ने एक 25 वर्षीय महिला को पटक कर मार डाला।
महिला का शव पूरी तरह क्षत विक्षत कर दिया। इस संबंध में बताया जाता है कि नावाडीह के तरन महतो की पत्नी सुबह अपने खलिहान में गई थी। इसी दौरान हाथी के झुंड ने हमला कर दिया। जब तक महिला वहां से भागती, हाथी ने उसे अपने सूढ़ में फंसा कर ऊपर उछाल दिया। उसके बाद पटक पटक कर उसकी जान ले ली।
महिला की मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया। काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इसके बाद हाथियों का झुंड वहां से भागा। लेकिन वन विभाग की ओर से इस तरह की घटना को रोकने की दिशा में किसी तरह का प्रयास नहीं किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है।