झारखंड
जनअदालत लगाकर नक्सलियों ने मुखिया और उसके बेटे को पीटा, बोलेरो में लगाई आग
By Deshwani | Publish Date: 27/12/2018 5:22:07 PMगिरिडीह। नक्सलियों ने पीरटांड के खुखरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बदगावा पंचायत में देर रात जनअदालत लगाया और जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान नक्सलियों ने बदगावा के मुखिया गिरजाशंकर महतो और उसके बेटे ओमप्रकाश महतो की जमकर पिटाई की। साथ ही मुखिया के बोलेरो पर पेट्रोल छिड़कर आग के हवाले कर दिया।
मुखिया के बेटे ओमप्रकाश ने बताया कि नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने भाजपा विधायक ढुल्लू महतो का साथ छोड़ने की धमकी दी। ओमप्रकाश बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो के द्वारा बनाए गए टाइगर फोर्स गठित संगठन का पीरटांड प्रखंड का अध्यक्ष है। घटना के बाद मुखिया बेटे ने टाइगर फोर्स से इस्तीफा भी दे दिया है।
घटना को लेकर मुखिया का कहना है कि रात में लगभग 50-60 की संख्या में नक्सली दस्ता के सदस्य पहुंचे। दस्ते में महिला नक्सली भी शामिल थी। सभी ने पहले उसके बेेटे को बंधक बनाकर पीटा, उसके बाद उसकी भी पिटाई की। नक्सलियों ने कहा कि टाइगर फोर्स छोड़ दो। टाइगर फोर्स पूंजीपतियों की संस्था है। उसके बाद चाबी लेकर बोलेरो को किनारे ले गए और आग के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना आज सुबह पुलिस को मिली। सूचना पर दोपहर में एसडीपीओ नीरज सिंह, पीरटांड़ थाना प्रभारी व खुखरा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। खुखरा थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि रात को नक्सलियों ने घटना को अंजाम दिया है।