झारखंड
बिहार एसटीएफ ने हार्डकोर नक्सली को किया गिरफ्तार, चार साल से थी तलाश
By Deshwani | Publish Date: 28/11/2018 3:47:29 PMकोडरमा। बिहार और झारखंड की सीमा पर स्थित कोडरमा जिला से एक हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया गया है। नक्सली का नाम रवींद्र यादव उर्फ डॉक्टर है। बिहार स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने मंगलवार देर रात उसे कोडरमा स्टेशन से गिरफ्तार किया। डॉक्टर की निशानदेही पर एसटीएफ ने एक और नक्सली को गिरफ्तार किया है। दूसरे नक्सली की पहचान सार्वजनिक नहीं की गयी है। पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से इन्कार कर रही है।
बिहार एसटीएफ चार साल से रवींद्र यादव को ढूंढ़ रही थी। रवींद्र यादव कई बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका है। लेकिन, इस बार वह बिहार पुलिस की एसटीएफ को चकमा देने में नाकाम रहा।
गिरफ्तार नक्सली रवींद्र यादव 2016 में लेवी की मांग को लेकर सिरदला थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन खरौंद रेलवे स्टेशन के बेस कैंप पर हमला करने का आरोपी है। इसके अलावा खरौंद रेलवे स्टेशन पर पुल निर्माण करा रहे एजेंसी की पोकलेन मशीन, मिक्सर मशीन, स्कॉर्पियो, बोलेरो आदि में आग लगाने के मामले में भी अभियुक्त है।