झारखंड
झामुमो नेता शिबू सोरेन के छोटे भाई लालू का बोकारो में निधन
By Deshwani | Publish Date: 26/11/2018 11:58:46 AMबोकारो। झाखंड मुक्ति मोर्चा के नेता शिबू सोरेन के छोटे भाई का निधन हो गया है। शिबू से छोटे भाई लालू सोरेन ने बोकारो स्थित बोकारो जेनरल हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। वह अस्पताल के सीसीयू में भर्ती थे।
बताया जाता है कि तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें रविवार को बोकारो जेनरल हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया था। आज सुबह अस्पताल में ही उनका निधन हो गया। दिशोम गुरु शिबू सोरेन और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन आज बोकारो पहुंच सकते हैं।
लालू सोरेन के निधन की खबर सुनते ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बोकारो जेनरल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने वालों में डुमरी के विधायक जगन्नाथ महतो, जिलाध्यक्ष हीरालाल मांझी, बोकारो महानगर के अध्यक्ष मंटू यादव, बीके चौधरी, काशीनाथ सिंह व अन्य शामिल थे।