झारखंड
कुख्यात सोनू इमरोज़ के भतीजे तौफीक की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 26/10/2018 11:56:55 AMरांची। झारखंड की राजधानी रांची के कुख्यात अपराधी सोनू इमरोज़ के भतीजे तौफीक की हत्या कर दी गई है। रांची के लालपुर में तौफीक का शव बरामद किया गया है। तौफीक का भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में स्थित महेंद्र प्रसाद महिला कॉलेज वाली गली में तौफीक का शव बरामद हुआ। शव की जानकारी मिलते ही लालपुर थाने की टीम मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
लालपुर थाना प्रभारी रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तौफीक की हत्या कहीं और की गई है और उसके शव को कॉलेज की गली में फेंक दिया गया है। उन्होंने कहा जिस जगह पर तौफीक का शव पड़ा हुआ था वहां खून के एक दो धब्बे ही मिले हैं। ऐसे में यह साफ पता चल रहा है कि तौफीक की हत्या चाकू मारकर किसी और इलाके में की गई। वहां से लाकर उसके शव को लालपुर इलाके में फेंक दिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार तौफीक की हत्या चाकू मारकर की गई है।
फिलहाल पुलिस इस वारदात को पुरानी अदावत का परिणाम मान रही है। तौफीक रांची के कर्बला चौक इलाके का रहने वाला था, वह खुद भी आपराधिक प्रवृत्ति का था। उसका चाचा सोनू इमरोज खुद रांची का क्रिमिनल है।