झारखंड
बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकानदार से लूटे 25 लाख के गहने
By Deshwani | Publish Date: 8/10/2018 7:19:52 PMरांची। झारखंड में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह दिनदहाड़े किसी भी वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं। ऐसा ही एक मामला रांची से सामने आया है, यहां बदमाश एक ज्वेलरी की दुकान से 25 लाख के गहने लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर बदमाशों की धरपकड़ में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, धुर्वा थाना इलाके में एक दुकानदार आज सुबह दुकान खोल रहा था। उस समय अचानक बदमाश वहां पहुंचे और दुकानदार से गहनों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। जब तक दुकानदार शोर मचाता बदमाश मौके से फरार हो चुके थे। दुकानदार ने बताया कि बैग में 25 से 30 लाख के गहने थे।
राज्य में कुछ समय से अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। रविवार को रांची के हरम इलाके से बदमाश दिनदहाड़े 3 लाख 82 हजार रूपए लूटकर भाग निकले थे। वहीं इससे पहले शुक्रवार को मेनरोड इलाके में चावल कारोबारी की हत्या कर दी थी। लगातार हो रही अपराध की घटनाओं से रांचीवासी काफी सहमे हुए हैं।