झारखंड
बेखौफ अपराधियों का कहर जारी, कैंटीन संचालक की गोली मारकर की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 8/9/2018 12:44:06 PMरांची। रांची में अपराधियों ने गोंदा थाना के पुलिस लाइन के पास ही एक व्यक्ति को गोली मार दी। बुरी तरह घायल हुए व्यक्ति को तुरंत ही रिम्स ले जाया गया। मगर अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक बुधु दास की पत्नी का डीसी कार्यालय में पुलिस के पूर्व कप्तान द्वारा नक्सली पुनर्वास योजना के तहत कैंटीन खुलवाया गया था। बुधु दास अपने परिवार के साथ पुलिस लाइन क्वार्टर में ही रहा करता था। मृतक की पत्नी ने कई लोगों को नामजद बताते हुए थाने में मामला दर्ज करा दिया है।
मृतक के एक परिचित भीम सिंह ने बताया कि बुधु दास को एसपी ऑफिस के नीचे कैंटीन मिली थी। बुधु दास इसी कैंटीन को चलाया करता था। उन्होंने कहा कि बुद्धु दास को पुलिस लाइन गेट के पास ही गोली मारी गई। जबकि गोंदा थाना के एसआई सतेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस लाइन गेट के पास मुंडा होटल के निकट बुधु दास को गोली मारी गई। उन्होंने कहा कि अज्ञात अपराधी ने गोली मारी है। पुलिस अपराधी को पकड़ने के लिए जगह जगह छापेमारी कर रही है।