झारखंड
लालू प्रसाद ने रिम्स में गुजारी रात, आज तय होगा जेल जाएंगे या नहीं
By Deshwani | Publish Date: 31/8/2018 1:53:23 PMरांची। चारा घोटाले में सजायाफ्ता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद कल की रात राजेंद्र इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में बिताई। रिम्स में उनका मेडिकल चेकअप चल रहा है। साथ ही कागजी कार्रवाई भी पूरी की जा रही है। ऐसे में आज हेल्थ रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि वे रिम्स में रहेंगे या जेल वापस जाएंगे। जरूरत पड़ने पर रिम्स के डॉक्टर एशियन हार्ट इंस्टिट्यूट, मुंबई के डॉक्टर से भी सलाह लेंगे।
इससे पहले उन्हें कोर्ट के आदेश पर बिरसा मुंडा जेल से रिम्स लाया गया। गौरतलब है कि झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कल रांची सीबीआई कोर्ट में सरेंडर किया। जस्टिस एसएस प्रसाद की कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में लेते हुए होटवार जेल भेज दिया। कोर्ट ने रिम्स के डॉक्टर को लालू प्रसाद के मेडिकल चेक-अप का भी आदेश दिया। लालू प्रसाद एक साथ कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्हें पहले से हाई बीपी, शुगर, किडनी, प्रोस्टेट, किडनी में पथरी, हर्निया, ग्लूकोमा, बीटा थैलेसीमिया से जुड़ीं समस्याएं हैं।