झारखंड
मुख्यमंत्री रघुवर ने कहा, देवघर से वासुकीनाथ धाम को जोड़ने वाली सड़क होगी फोरलेन
By Deshwani | Publish Date: 21/8/2018 4:52:23 PM रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देवघर से वासुकीनाथ धाम जाने वाली सड़क को फोरलेन किया जायेगा. फोरलेन रोड का निर्माण कार्य वर्ष 2019 श्रावण महीने से पहले पूरा कर लिया जायेगा। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय स्थित सभा कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वासुकीनाथ धाम पहुंचे कांवरिया श्रद्धालुओं से सीधी बातचीत की। देशभर के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कांवरिया श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने देवघर-वासुकीनाथ धाम यात्रा के अनुभवों को साझा किया।
कांवरिया श्रद्धालुओं के द्वारा व्यवस्था से संबंधित कुछ आवश्यक सुझाव भी दिये गये। मुख्यमंत्री ने कांवरिया श्रद्धालुओं द्वारा दिये गये सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि आपके द्वारा व्यवस्था से संबंधित सुधार हेतु प्राप्त सुझावों पर देवघर एवं दुमका जिला प्रशासन आवश्यक कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कांवरिया श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में देवघर एवं वासुकीनाथ धाम को राज्य सरकार सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देवघर एवं वासुकीनाथ धाम सांस्कृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाए इस पर सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में देवघर से वासुकीनाथ धाम पहुंच पथ पर जाम की समस्या ना हो इसके लिए विशेष यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करायी जायेगी।
उन्होंने कहा कि श्रावण महीने में लाखों श्रद्धालु कांवरिया देवघर से बासुकीनाथ धाम बाबा फौजदारी का दर्शन करने पधारते हैं. भीड़ अधिक होने के कारण थोड़ी-बहुत जाम की समस्या अवश्य होती है। इस पर जल्द सुधार किया जायेगा। रास्ते में कहीं पेयजल की समस्या ना हो इस पर जिला प्रशासन कार्य कर रही है। शुद्ध पेयजल कांवरिया श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।