झारखंड
नक्सल इलाकों में खुले पुलिस कैंप
By Deshwani | Publish Date: 9/7/2018 4:08:12 PMखूंटी। नक्सलियों पर नकेल कसने के लिए झारखंड पुलिस ने नक्सलियों के गांवों में पुलिस कैंप खोलना शुरू कर दिया है। कैंप खेलने का पहला अभियान कोचांग, कुरूंगा और शारदा गांव से शुरू किया गया। इस गांव में समेकित विकास केन्द्र सह पुलिस कैंप का उदघाटन दक्षिणी छोटानागपुर रेंज के डीआईजी अमोल वेनुकांत होमकर और कोल्हान रेंज के डीआईजी कुलदीप द्विवेदी ने किया।
कोचांग बलराम समद और सखुराम मुंडा का, जबकि कुरूंगा जोन जोनास तिडू का गांव है। पत्थलगड़ी नेता जोन जोनास तिडू वही है, जिसे पुलिस ने कोचांग गैंगरेप का मास्टर माइंड बताया है। शारदा गांव में पत्थलगड़ी नेताओं के द्वारा आगे की रणनीति बनाई जाती थी।
कुरूंगा गांव में पुलिस को दो बार बंधक बनाया गया था। चाईबासा से सटे होने के कारण पत्थलगड़ी के बाद नेता इसी गांव में शरण लेते थे। पुलिस के मुताबिक इन कैंपों के खुलने से नक्सल विरोधी अभियान में मदद मिलेगी। साथ ही विकास योजनाओं में भी सहायता मिलेगी। पुलिस की माने तो ये कैंप समेकित विकास केंद्र की तरह काम करेंगे। यहां पर समय-समय पर चिकित्सा शिविर लगेंगे और जरूरत का सामान गरीबों में बांटा जाएगा।
खूंटी में हाल में पत्थलगड़ी समर्थकों के द्वारा सांसद करिया मुंडा के घर से चार सुरक्षाकर्मियों को अगुवा कर लिया गया था। करीब तीन हजार से ज्यादा पुलिस बल की तैनाती के बाद 60 घंटे तक चले ऑपरेशन से अगवा पुलिसकर्मियों को बरामद किया गया था।