ब्रेकिंग न्यूज़
मोतिहारी के केसरिया से दो गिरफ्तार, लोकलमेड कट्टा व कारतूस जब्तभारतीय तट रक्षक जहाज समुद्र पहरेदार ब्रुनेई के मुआरा बंदरगाह पर पहुंचामोतिहारी निवासी तीन लाख के इनामी राहुल को दिल्ली स्पेशल ब्रांच की पुलिस ने मुठभेड़ करके दबोचापूर्व केन्द्रीय कृषि कल्याणमंत्री राधामोहन सिंह का बीजेपी से पूर्वी चम्पारण से टिकट कंफर्मपूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगात
झारखंड
कहीं असरदार तो कहीं बेअसर रहा विपक्ष का झारखंड बंद
By Deshwani | Publish Date: 5/7/2018 4:01:17 PM
कहीं असरदार तो कहीं बेअसर रहा विपक्ष का झारखंड बंद

रांची। विपक्ष का झारखंड बंद अब तक असरदार रहा है। भूमि अधिग्रहण संशोधन बिल के विरोध में संयुक्त विपक्ष के बंद के दौरान अबतक ढाई हजार बंद समर्थकों को राज्यभर में गिरफ्तार किया गया है। रांची में सैकड़ों नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन को हिरासत में लिया गया और मोरहाबादी स्थित कैंप जेल ले जाया गया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार पर तानाशाही करने का आरोप लगाया।

 इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री व जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी अपने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ डिबडीह स्थित पार्टी कार्यालय से रैली निकालते हुए सुजाता चौक पहुंचे। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय भी उनके साथ में थे। सुजाता चौक पर उन सभी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। धनबाद के निरसा में बंद समर्थकों ने एनएच-2 को किया जाम। निरसा चौक पर विधायक अरूप चट्टर्जी के नेतृत्व में जाम किया गया। उधर देवघर में पूर्व मंत्री सुरेश पासवान के नेतृत्व में बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया।


ज्ञात हो कि रांची में 1719, जमशेदपुर में 1942, धनबाद में कुल 1134 लोग लिये गये हिरासत में, चाईबासा में 323, सरायकेला में 525 और कोल्‍हान में कुल 2790 बंद समर्थक गिरफ्तार गिये हैं। बंद समर्थकों को गिरफ्तार कर कैंप जेल में रखा गया है।

वहीं बोकारो नया मोड़ से 50 लोगों की गिरफ्तारी हुई है जबकि चास से 100 की गिरफ्तारी की गई है। इधर , पुलिस ने जैनामोड़ से 25 बंद समर्थकों को गिरफ्तार किया है। झारखंड बंद बरकट्ठा में असरदार रहा। बंद समर्थकों ने बरकट्ठा प्रखंड मुख्यालय के सामने एकत्रित होकर घंटों जीटी रोड जाम कर दिया। बरकट्ठा में बंदी का नेतृत्व झाविमो जिला अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय कर रहे थे। मौके पर झाविमो केन्द्रीय सदस्य मो कलीम खां, केदार साव, संजय साव, बरकट्ठा प्रखंड अध्यक्ष प्रमेश्वर साव, चलकुशा प्रखंड अध्यक्ष सलीम अंसारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रभात गुप्ता, बाबुलाल बिहारी, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष दर्शन सोनी, संतोष कुमार देव, बिरेन्द्र पांडेय, शमीम अंसारी, राष्ट्र सेवा दल के टुकलाल नायक, शंकर साव, महेन्द्र मोदी, बासुदेव राणा, रामचन्द्र पासवान, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष बासुदेव महतो, कुद्दुस अंसारी, निजाम अंसारी, प्रमोद गुप्ता, सुलतान अंसारी, मनोहर महतो, माले राज्य कमेटी सदस्य सबिता सिंह, अशोक चौधरी, शेर मोहम्मद, नईम अंसारी समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे। बंद समर्थकों ने रघुवर सरकार हाय हाय, भूमि अधिग्रहण बिल वापस लो के नारे लगा रहे थे। बाद में बरही दंडाधिकारी रजनीश कुमार, बरकट्ठा बीडीओ अनील कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने बंद समर्थकों को गिरफ्तार कर सडक जाम समाप्त कराया। जिन्हें बाद में छोड दिया गया।


सरायकेला-खरसावां: भूमि अधिग्रहण संशोधन बिल के खिलाफ झामुमो, कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों द्वारा आहूत  झारखंड बंद का सरायकेला-खरसावां जिला में जबरदस्त असर देखा जा रहा है। सरायकेला, खरसावां, कुचाई समेत विभिन्न इलाकों में दुकाने बंद है। वाहनों जा परिचालन भी पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। जगह-जगह भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गयी है। बंदी के दौरान कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की खबर नहीं है. जिला के डीसी छबी रंजन, एसपी चन्दन सिन्हा बंदी के मद्देनजर कुछ इलाकों में गस्ती करते नजर आ रहे हैं। दोपहर 12 बजे तक पुलिस ने 476 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया है. बंद पूरी तरह से शांतिपूर्ण है।


साथ ही लोहरदगा, गुमला, गढ़वा, डालटनगंज, रायपुर, पटना, कोलकाता की बसें चलती हैं। बंद के कारण यात्री परेशान हैं। लोगों से ओटो वाले लंबी दूरी के लिए मनमाना भाड़ा वसूल रहे हैं।

रांची : अल्बर्ट एक्का चौक से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार,पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय, विधायक सुखदेव भगत सहित करीब 300 बंद समर्थकों को किया गया गिरफ्तार। अभी तक राजधानी से लगभग 700 बंद समर्थक को गिरफ्तार कर कैम्प जेल भेजा गया। 


सिमडेगा: भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ समस्त विपक्षी पार्टियों द्वारा आहूत झारखंड बंद का  सिमडेगा में व्यापक असर देखा गया। बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से भी उपद्रवियों से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किये गये। बंद को देखते हुए गुरुवार सुबह से ही शहरी क्षेत्र के अलावे ग्रामीण क्षेत्रों की दुकानें बंद रही। बंद के दौरान बसों का आना जाना ठप रहा। मालवाहक वाहन भी नहीं चले। शहरी क्षेत्र से ग्रामीण क्षेत्र को जाने वाली छोटे वाहनों का आवागमन ठप रहा। बंद को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से शहरी क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस बल को तैनात किया गया। शहरी क्षेत्र में सभी चौक-चौराहों पर पुलिस बल को तैनात किया गया एवं गस्ती भी बढ़ा दी गयी। झारखंड बंद का सरकारी कार्यालयों पर भी असर देखा गया। आम दिनों की अपेक्षा आज ग्रामीण क्षेत्र से लोगों का आवागमन बहुत ही कम हुआ। बंद के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गयी थी। 


बरोरा : बाघमारा कोयलांचल में बंद बेअसर है। रोड़ पर आम दिनों की तरह ही वाहन नजर आ रहे हैं। दुकानें भी खुली हुई है। नेता जे के झा, लगनदेव यादव ,जिप सदस्य रेखा देवी ,रामजीत टुडू सहित दर्जनो लोगों ने बरोरा बाघमारा थाना मे गिरफ्तारी दी। 


संताल परगना के सभी छह जिले में बंद असरदार दिख रहा है। देवघर शहर छोड़ दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, जामताड़ा में बंद के समर्थन में हजारों की संख्या में बंद समर्थक सड़क पर उतरे। दुमका के काठीकुंड में सड़क पर आदिवासियों का हुजूम उतरा। इनका नेतृत्व साहिबगंज में सांसद विजय हांसदा कर रहे हैं। वहीं मधुपुर में बंद समर्थकों ने जनशताब्दी ट्रेन रोक दिया जिससे यहां घंटों परिचालन बाधित रहा। यहां लंबी दूरी की बसें नहीं चली।


धनबाद: धनबाद में बंद शांतिपूर्वक दिख रहा है। प्रशासन ने 10.30 बजे दिन तक 537 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया है। केंदुआ में 2, धैया में 3, बरवाड्डा में 25, निरसा में 110, सुदामडीह में 35, तिसरा में 9,फुसबंग्ला में 9, झरिया में 31, पूर्वी टुंडी में 22, लोयाबाद में 51, जोगता में 63, शक्ति चौक में 20, टुंडी में 56, पुटकी में 22, बलियापुर में 24, जोड़ापोखर में 13, गोविंदपुर में 42 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया गया है। 


लोहरदगा मे बंद का आंशिक असर दिख रहा है। यहां बॉक्साइट ट्रक, लंबी दूरी के वाहनों का परिचालन ठप हैं।  दुकान , सरकारी कार्यालय, बैंक खुले हैं. यात्री ट्रेन का परिचालन सामान्य रूप से हो रहा है।


खूंटी: डीसी और एसडीओ खुद सड़क पर उतर चुके हैं. डीएसपी सहित कई पुलिस अधिकारी भी सड़क पर नजर आ रहे हैं. ये अधिकारी बंद के दौरान विधि व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। खूंटी में अभी तक कहीं से भी बंद समर्थकों के निकलने की सूचना नहीं मिली है। खूंटी में बंद का मिलाजुला असर नजर आ रहा है। सड़को पर सन्नाटा पसरा है। 


निरसा : झारखंड बंद को लेकर सैकड़ों की संख्या में झामुमो और मासस समर्थक सड़क पर उतरे हैं। यहां एनएच-2 को जाम कर दिया गया। विधायक अरूप चटर्जी व झामुमो नेता अशोक मंडल के नेतृत्व में अलग-अलग बैठ कार्यकर्ता हाइवे को जाम किया। टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। बाजार पूर्णतः बंद है। अरूप चटर्जी सहित अन्य की गिरफ्तारी की जा चुकी है। 

-बरवाअडा में बंद बेअसदार, जीटी रोड़ में आम दिनों की तरह गाड़ियां चल रही है। दुकानें भी खुली हुई है।


-चौपारण में महा गठबंधन की ताकत नजर आ रही है। बंद समर्थक सड़क पर उतरकर जीटी रोड़ जाम कर रहे हैं। चतरा मोड़ के पास भी समर्थक जुटे है। बंद समर्थकों के कारण हजारों गाडियां जाम में फसी है। कई दूल्हा दुल्हन व बराती गाड़ी भी जाम में फंसे दिख रहे हैं।  पुलिस बल जगह-जगह पर तैनात दिख रहे हैं। प्रेस और एम्बुलेंस गाड़ी को छोड़ सभी गाड़ियों को रोका जा रहा है। जाम स्थल पर विधायक मनोज कुमार यादव सहित महा गठबंधन के सभी दिग्गज नेताओं का जमावड़ा लगा है. वे सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं।

-जमशेदपुर-बहरागोड़ा: एनएच सुनसान नजर आ रहा है। सड़को पर वाहन नहीं चल रहे हैं। इधर, ओडिशा बॉर्डर व बंगाल बॉर्डर में वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारें देखने को मिल रही हैं। बंद पूरी तरह से शांतिपूर्ण हैं।


-चाईबासा में भी बंद का पूरा असर देखने को मिल रहा है। सभी दुकाने व पेट्रोल पंप पूरी तरह से बंद है साथ ही यात्री वाहन भी सड़क पर नजर नहीं आ रहे हैं। बंद समर्थकों से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन भी अत्याधुनिक हथियारों से लैस है। विपक्ष द्वारा आहूत झारखंड बंद को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। जगह-जगह पुलिस बल तैनात हैं। 


-सराईकेला  जिला मुख्यालय में बंद असरदार नजर आ रहा है। यहां दुकाने बंद हैं। वाहनों का परिचालन ठप है।

-कोडरमा में बंद का असर दिख रहा है। यहां बाजार बंद हैं। विपक्षी दलों के नेता सड़क पर उतरे हैं। झुमरीतिलैया में पूर्व मंत्री सह राजद प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में प्रदर्शन जारी है। डोमचांच व मरकच्चो में बंद समर्थकों ने रोड जाम कर दिया है। तिलैया में अब तक 28 बंद समर्थकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। 


-झारखंड बंद का असर चुरचू ,चरही व कोयलांचल में देखा जा रहा है. झामुमो , कांग्रेस ,झाविमो व अन्य विपक्षी दल के कार्यकर्ता सुबह ही सड़क पर उतरे और आवागमन बाधित कर दिया। सीसीएल हज़ारीबाग़ कोयलांचल क्षेत्र चरही के तापिन साउथ ,तापिन नार्थ ,केदला आदि परियोजना में खदान में आउट सोर्सिंग व ट्रांसपोर्टिंग पूर्ण रूप से ठप नजर आ रहा है। 


-हज़ारीबाग में व्यापक असर दिख रहा है. बंद समर्थकों ने डिसटीक बोर्ड चौक पर सड़क जाम कर दिया। इधर, पुलिस के जवान सभी मार्गो में तैनात हैं। पेट्रोल पंप भी बंद है। बसस्टैंड से बसों का परिचालन भी बंद है। यात्री बस के साथ मालवाहक वाहन का परिचालन भी बंद नजर आ रहा है। बस स्टैंड पर यात्री परेशान दिख रहे हैं।

- कोडरमा :जिला मुख्यालय में बंद असरदार नजर आ रहा है। जगह-जगह पर पुलिस तैनात है। कांग्रेस ,राजद ,जेवीएम ,जेएमएम और माकपा समर्थक सड़क पर उतरे हैं। 


-गिरिडीह: गिरिडीह के साथ गांवां में भी विपक्षी दलों द्वारा बुलाये गये बंद का जोरदार असर नजर आ रहा है। यहां वाहनों की लंबी कतार लग गयी है। खबर लिखे जाने तक आवागमन पूरी तरह से ठप है। समर्थकों द्वारा गांवां-गिरिडीह मुख़्य मार्ग जाम कर दिया गया है। 

- गुमला में सुबह से ही बंद का असर नजर आ रहा है। यहां चाय, पान की दुकान भी नहीं खुली। वाहनों का परिचालन ठप नजर आ रहा है। झारखंड व छत्तीसगढ़ राज्य के बॉर्डर पर बंद समर्थक सड़क पर उतर आये हैं। एनएच-78 में बैठ कर मालवाहक वाहनों का परिचालन रोक दिया है। बीच सड़क पर टायर भी जलाया गया है।

-टंडवा: टंडवा के मिसरोल में बंद असरदार। यहां रोड जाम कर दिया गया। कोल वाहनों का ठहराव सड़कों पर नजर आ रहा है। इधर कांग्रेस ,झाविमो एवं अन्य विपक्षी पार्टियों के समर्थक मिसरोल में बंद के समर्थन में सड़कों पर जमे हैं , वही स्थानीय प्रशासन भी शांति व्यवस्था को लेकर मौके पर मुस्तैद नजर आ रही है। बंद शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है।


-चतरा शहर में बंद का असर नजर आ रहा है। बंद के समर्थन में राजद,झाविमो,झामुमो,कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल के नेता सड़क पर उतरे हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष इमदाद अली, साबिर हुसैन,झाविमो के जिला अध्यक्ष तिलेश्वर पासवान, पूर्व मंत्री और झाविमो नेता सत्यानन्द भोक्ता, राजद जिला अध्यक्ष सलीम गोल्डन और युवा राजद जिला अध्यक्ष बिंदेश्वर प्रसाद "ज्वाला", झामुमो जिला अध्यक्ष पंकज प्रजापति और वरिष्ठ नेता जियाउद्दीन अधिवक्ता, अरुण यादव ने सड़क पर उतरकर दुकाने बंद करवायी. बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद नजर आ रही है। एसडीपीओ ज्ञानरंजन तथा सदर थाना प्रभारी रामअवध सिंह दल बल के साथ मौजूद हैं। 


-राँची : कांके चौक के नजदीक बंद समर्थकों ने सुबह-सुबह रोड पर टायर जलाकर रोड बाधित करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने टायर फौरन हटा दिया। 

-बोकारो: बंद समर्थक सड़क पर उतरे. सड़क जाम करने का  प्रयास किया गया। झाविमो के नेतृत्व में बंद समर्थक सड़क पर उतरे हैं। झाविमो के कार्यकर्ताओं ने राजधानी ट्रेन को बोकारो स्टेशन पर रोकने का प्रयास किया। 

 

image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS