झारखंड
सिमडेगा में जहरीली शराब पीने से 5 की मौत, जांच में जुटी पुलिस
By Deshwani | Publish Date: 2/7/2018 1:50:39 PMरांची। सिमडेगा जिले में पांच लोगों की जहरीली हंडिया शराब पीने से मौत हो गई। मरने वालों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। जबकि करीब एक दर्जन लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से चार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रांची के रिम्स भेजा गया है।
घटना ठेठईटांगर इलाके की है। जहां केरिया घाट तुरी गांव के एक घर में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया था। जिसमें लोगों को खाने के साथ-साथ शराब भी परोसी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि चावल से बनी यह शराब काफी पुरानी होगी। जिसकी वजह से यह जहरीली हो गई।
भोज में शराब पीने के साथ ही लोगों की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टियां और दस्त की शिकायत होने लगी। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पांच लोगों की मौत का समाचार मिलते ही पुलिस मौके पर जा पहुंची और शव कब्जे में ले लिए। पुलिस ने घटनास्थल से हंडिया शराब के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भिजवा दिए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।