झारखंड
बेअसर रहा झारखंड में भूमि अधिग्रहण बिल को लेकर बंद
By Deshwani | Publish Date: 18/6/2018 1:48:04 PMरांची। राज्य में भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ बंद का आह्वान किया गया है लेकिन प्रदेश में इसका कोई असर नहीं पड़ा। सेंगेल अभियान और झारखंड दिशोम पार्टी ने झारखंड बंद की घोषणा की थी। हालांकि ये बंद पूरी तरह से बेअसर नजर रहा है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस मौजूद है और आवागमन भी सामान्य है।
सुबह में हालांकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बंद समर्थकों ने सड़क जाम करने की कोशिश की थी लेकिन पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। रांची में फिलहाल जन-जीवन सामान्य है और स्कूल भी खुले हुए हैं। रांची के एल्बर्ट एक्का चौक पर भी भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
रांची के फिरायालाल चौक पर भी 25 बंद सर्मथकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आदिवासी सेंगेल अभियान और झारखंड दिशोम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सालखन मुर्मू ने भूमि अधिग्रहण संशोधन बिल के खिलाफ 18 जून को बंद का ऐलान किया था। रांची के अलावा गिरिडीह, जमशेदपुर, धनबाद में बंद सर्मथकों ने बंद करने की कोशिश की लेकिन इसका असर प्रदेश में पूरी तरह से बेअसर दिख रहा।