झारखंड
मंदिर में मांस मिलने से लोगों में तनाव का माहौल, इलाके में लगा कर्फ्यू
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2018 3:29:29 PMरांची। रांची बीते कई दिनों से सांप्रदायिक तनाव के माहौल के बीच आज फिर नगड़ी इलाके में सांप्रदायिक तनाव का माहौल भड़क उठा, जिसके चलते इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया। बताया जा रहा है कि एक मंदिर में मांस का टुकड़ा मिलने के बाद लोग सड़कों पर उतर आए थे और फिर देखते ही देखते एकदूसरे पर पथराव शुरू कर दिया था।
पुलिस ने बताया कि कल देर रात फिर से दो गुटों में हिंसा हुई, जिसके बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। पुलिस ने ईद के मद्देनजर इलाके में सुरक्षा बंदोबस्त चाक चौबंद कर रखा है। बीते रविवार को नगड़ी इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों ने नमाज से लौट रहे एक मौलाना के साथ जमकर मारपीट की। हमलावर जय श्रीराम बोलकर मौलाना को पीट रहे थे। इस हमले के बाद इलाके में तनाव फैल गया। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस ने बताया कि मौलाना अज़हर-उल-इस्लाम एक अन्य व्यक्ति के साथ बाइक से अपने घर लौट रहे थे। तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोका और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में मौलाना गंभीर रूप से घायल हो गए। मौलाना के साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति किसी तरह से जान बचाकर भाग निकला लेकिन मौलाना उनके हत्थे चढ़ गए।