झारखंड
नक्सली बंद का चतरा में रहा आंशिक असर
By Deshwani | Publish Date: 10/6/2018 3:33:17 PMरांची। आज चतरा में नक्सलियों की बंदी के कारण जनजीवन पर आंशिक प्रभाव पड़ा है। यात्री वाहनों के परिचालन बंद होने से लोगों के आवागमन की रफ्तार थम सी गई है। मगर चतरा जिला के कोयलांचल क्षेत्र टंडवा और पिपरवार में बंदी का व्यापक असर पड़ा है। चतरा जिला में नक्सली बंदी का मुख्य कारण टीपीसी एवं माओवादी जैसे उग्रवादी संगठनों द्वारा कथित तौर पर एकजुट होकर बंदी करना बताया जा रहा है।
बंद का सबसे ज्यादा प्रभाव सीसीएल की आम्रपाली, मगध, अशोका, पिपरवार एवं अन्य परियोजनाओं पर पड़ा है। इन परियोजनाओं में कोयला का उत्खनन एवं ढुलाई भी ठप है। वैसे कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड में भी सन्नाटा पसरा हुआ है। जिला मुख्यालय से खुलनेवाली सभी लम्बी दूरी के वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद है। लेकिन बंदी के बावजूद चतरा शहर की सभी दुकानें खुली हुई हैं।