झारखंड
यह जीत विपक्ष के एकजुट राजनीति की जीत है : हेमंत सोरेन
By Deshwani | Publish Date: 31/5/2018 4:42:53 PMरांची।उपचुनाव के नतीजे आने के बाद विपक्षी दलों ने सत्तापक्ष पर आरोप-प्रत्यारोप लगानी शुरू कर दी है। वर्षों के राजनीतिक गिले-शिकबे मढ़ना शुरू हो गया है। गोमिया-सिल्ली उपचुनाव के नतीजे आने के बाद नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने रघुवर सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह जीत विपक्ष के एकजुट राजनीति की जीत है। हेमंत ने इसके लिए गोमिया और सिल्ली की जनता को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह धर्मनिरपेक्षता की जीत है। साथ ही हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार निकम्मेपन में नंबर वन है और जनता ने इस सरकार को नकार दिया है। जनता ने सरकार के अहंकार का जवाब दिया है।
हेमंत ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। भाजपा और आजसू के लोग षड्यंत्र में नाकाम हो गए। उन्होंने कहा कि सिल्ली और गोमिया में उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया गया। इसलिए वहां के लोगों ने सरकार के गाल पर तमाचा मारा है।
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि उपचुनाव का ये परिणाम 2019 के बेहतर नतीजे की ओर इशारा कर रहा है। कांग्रेस नेता सुखदेव भगत ने कहा कि सेमीफाइनल में जिस तरह के परिणाम आए हैं। फाइनल में भी उसी तरह के नतीजे आएंगे।