रांची। झारखंड के कई जिलों में कल शाम आई तेज आंधी-बारिश में पांच लोगों की मौत हो गई। गुमला में दो और रांची, रामगढ़ व सिमडेगा में एक-एक की वज्रपात से मौत हो गई। दर्जनभर से अधिक पशुओं के भी मारे जाने की खबर है। सबसे ज्यादा असर रांची, गुमला, सिमडेगा, हजारीबाग, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी व खरसावां जिले में हुआ। इन जिलों में कई कच्चे घर क्षतिग्रस्त हो गये। सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन ठप हो गया। बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह से प्रभावित हुई।
रांची के शहीद मैदान में वज्रपात से पेड़ के नीचे खड़े एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। दोनों की पहचान नहीं हो पायी है। रांची में कई जगहों पर पेड़ गिरे। क्लब रोड, टाटीसिलवे रोड, मोरहाबादी, पुरुलिया रोड में कई जगहों पर पेड़ गिर गए। कांके में नगर निगम के स्लाॅटर हाउस की चहारदीवारी गिर गई। झारखंड राज्य खाद्य निगम के पुराने राशन गोदाम की छत उड़ गई, गुदाम में रखे सैकड़ों बोरी चावल बर्बाद हो गया। प्रेम नगर, चुड़ी टोला, बाजार टाड़, अरसंडे व बोड़ेया में पेड़ गिर गए, जिससे बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए।
शहर में कई जगह बिजली के तार टूटने से कई इलाकों की बिजली आज सुबह तक बाधित रही। राजभवन, मुख्यमंत्री आवास, मुख्य न्यायाधीश आवास सहित अन्य वीआइपी आवासों में भी बिजली बाधित रही। इन इलाकों में कल रात सवा नौ बजे के करीब बिजली हटिया-राजभवन लाइन से बहाल की गई। वहीं कांके-राजभवन लाइन से बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली विभाग के अधिकारी ने बताया कि बोड़ेया चौक के समीप 15 पोल का तार गिर गया। इससे बिजली की आपूर्ति बंद है। इस कारण राज्यपाल सहित अन्य वीआइपी को उस स्रोत से बिजली नहीं मिल पाई।