झारखंड
जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए सीताराम उपाध्याय, गांव में पसरा सन्नाटा
By Deshwani | Publish Date: 18/5/2018 3:00:39 PMरांची। पाकिस्तानी गोलीबारी में आरएस पुरा सेक्टर में गिरिडीह के रहने वाले बीएसएफ जवान सीताराम उपाध्याय शहीद हो गये। इधर, उनके शहीद होने की खबर मिलते ही गिरिडीह स्थित उनके गांव में कोहराम मच गया।
पीरटांड थाना इलाके के पालगंज गांव में शहीद जवान के परिवारवालों का रो-रो कर बुरा हाल है। खबर मिलते ही शहीद के घर के आगे लोगों की भीड़ जुट गई। पत्नी रेशमी उपाध्याय व मां किरण देवी की चित्कार से लोगों दहल उठे। परिवार और गांववाले शहीद के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
शहीद की पत्नी रेशमी उपाध्याय ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी शुक्रवार सुबह को मिली। गत 2 मई को वे छुट्टी काटकर घर से ड्यूटी पर गये थे। गांव के रिटायर्ड डीएसपी संतोष पाठक ने कहा कि इस घटना से गांव के लोग मर्माहत हैं और उनलोगों की मांग है कि भारत सरकार शहीद के बच्चों का खयाल करते हुए कोई ठोस कदम उठाए। बीस सूत्री पीरटांड के अध्यक्ष शरद भक्त ने मांग की कि शहीद सीताराम उपाध्याय का स्मारक गांव में स्थापित की जाए. साथ ही शहीद के परिवार के सदस्य को नौकरी दी जाए। शहीद सीताराम उपाध्याय अपने पीछे मां-पिता, पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गये।