झारखंड
बदमाशों ने कॉलेज के छात्र को मारी गोली, हालत गंभीर
By Deshwani | Publish Date: 14/5/2018 3:08:38 PM जमशेदपुर। मानगो में कल रात करीब आठ बजे 3 माह पहले जेल से छूटे वर्कर्स कॉलेज के छात्र राहुल को दौड़ा कर वाइक सवार चार बदमाशों ने गोली मार दी। राहुल को चार गोली लगी है। गंभीर अवस्था में उसे टीएमएच में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी प्रभात कुमार और मानगो थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। मामले की छानबीन की। पिछले तीन दिन के भीतर मानगो थाना क्षेत्र में दो गैंगवार हुए हैं। पुलिस को गुडू पांडेय गिरोह पर संदेह है। पुलिस के मुताबिक वर्चस्व की लड़ाई में घटना को अंजाम दिया गया है।
बताया गया कि राहुल घर में था। उसे किसी का फोन आया और वह शिव मंदिर की ओर गया। तभी दो बाइक में सवार चार बदमाश आए और राहुल से हाथापाई करने लगे। राहुल बचने के लिए मंदिर के पीछे भागा। बदमाशों ने उसका पीछा कर उसे गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे, तो सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
घायल राहुल के भाई का कहना है कि प्रदीप सिंह और रंजीत नामक युवक ने उससे रंगदारी मांगी थी और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। टीएमएच अस्पताल में राहुल का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।