झारखंड
निर्माणाधीन कुआं धंसने से तीन मजदूर दबे, राहत कार्य जारी
By Deshwani | Publish Date: 9/5/2018 3:11:41 PMलोहरदगा। लोहरदगा जिला के कुटमू गांव में निर्माणाधीन कुएं के धंसने से तीन मजदूर दब गए। इन्हें सकुशल निकालने के लिए प्रशासन ने जेसीबी मशीन का सहारा लिया है। कुएं में दबे लोगों के नाम सुधन उरांव, राजू उरांव और उमरी गांव के राजेश उरांव के रूप में हुई है। इसमें सुधन उरांव घर का मालिक है।
आज सुबह करीब नौ बजे कुएं की मिट्टी अचानक गिर जाने से काम कर रहे तीनों मजदूर दब गए। मजदूरों को बाहर निकालने के लिए तीन जेसीबी लगाया गया है। सदर प्रखंड मुख्यालय से महज पांच सौ और जिला मुख्यालय से आठ सौ गज की दूरी में यह घटना घटी है।
वहीं राहत कार्य शुरू करने में करीब दो घंटे लग गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मजदूरों की स्थिति हर मिनट गंभीर मानी जा रही है। ऐसे में मौके पर सदर बीडीओ, सीओ, एसडीओ और डीसी-डीडीसी का नहीं पहुंचना लोगों के लिए आक्रोश का कारण बन रहा है।
इस बीच, डीसी, एसडीपीओ सहित अन्य अधिकारियों ने कुआं में दबे मजदूरों के पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही लोगों को निकाल लिया जायेगा.