झारखंड
पर्यावरण मेला में पुरस्कृत होंगे पत्रकार
By Deshwani | Publish Date: 7/5/2018 3:01:00 PMरांची। सामाजिक संस्था युगांतर भारती द्वारा 28 मई से 5 जून तक चलने वाले पर्यावरण कॉन्क्लेव एवं पर्यावरण मेला में 31 मई को पर्यावरण के क्षेत्र में गहन रिपोर्टिंग एवं फोटो पत्रकारिता के क्षेत्र में पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार वितरण समारोह रांची के ऑड्रे हाउस में होगा। पुरस्कार किसी केंद्रीय मंत्री एवं सेलिब्रिटी के हाथों प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कृत होने वाले प्रतिभागियों के चयन के लिए युगांतर भारतीय द्वारा एक चयन समिति बनाई जाएगी जिसमें पत्रकारिता और फोटो जर्नलिज्म क्षेत्र के विशिष्ट लोगों को शामिल किया जाएगा।
पत्रकारिता के अलावा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें औद्योगिक इकाइयों द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के लिए, प्रशासकीय क्रियाकलापों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए शोध के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं एवं व्यक्तियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
पुरस्कारों के लिए पूर्ण रूप से भरे हुए नामांकन 20 मई तक युगांतर भारती के कार्यालय अथवा आयोजकों तक पहुंच जाने चाहिए। उल्लेखनीय है कि 28 मई को इस पर्यावरण मेला का उद्घाटन भारत के उप राष्ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू करेंगे। कार्यक्रम का समापन 5 जून को पर्यावरण दिवस के दिन होगा।