झारखंड
पुलिस प्रशासन के खिलाफ अधिवक्ताओं के आंदोलन जारी, न्यायिक कार्यों पर असर
By Deshwani | Publish Date: 5/5/2018 1:43:20 PMरांची। राज्य में अधिवक्ताओं का पुलिस प्रशासन के खिलाफ चल रहे हड़ताल का आज दूसरा दिन भी जारी है। अधिवक्ताओं ने खुद को न्यायिक कार्यों से अलग रखा है। अधिवक्ताओं के न्यायिक कार्यों से अलग रहने के कारण अपने मुकदमे के पैरवी के लिए आ रहे मुवक्किलों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बीते दिनों गढ़वा सिविल कोर्ट के अधिवक्ता आशीष की पुलिस द्वारा बुरी तरह पिटाई के बाद धनबाद में पुलिसिया कार्रवाई के तौर-तरीकों के विरोध में झारखंड हाईकोर्ट, रांची सिविल कोर्ट समेत प्रदेश के कई कोर्ट में अधिवक्ताओं ने कार्य का बहिष्कार कर दिया है। आंदोलन पर डटे अधिवक्ताओं की मानें तो पुलिस कानून की आड़ में अधिवक्ताओं पर जुल्म ढा रही है। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन पर डटे अधिवक्ता समझौते के मुड में नहीं हैं।
अधिवक्ताओं के आंदोलन का सीधा असर न्यायिक कार्यों पर पड़ रहा है। अधिवक्ताओं के कोर्ट नहीं जाने के कारण मुकदमों की पैरवी नहीं हो पा रही है। दूर दराज से अपने मुकदमों की पैरवी के लिए आ रहे लोग कोर्ट में केवल हाजिरी लगाकर चले जा रहे हैं। मुवक्किलों की मानें तो अधिवक्ताओं के आंदोलन के कारण उनका समय और पैसा दोनों की बर्बादी हो रही है।