झारखंड
निगम चुनाव: झारखंड में पोस्टरों और बैनरों से पटा शहर का कोना-कोना
By Deshwani | Publish Date: 11/4/2018 12:22:46 PMरांची। झारखंड में निगम चुनाव का प्रचार-प्रसार जोरों पर है। निगम प्रत्याशियों ने प्रचार के लिए शहर के कोने-कोने में पोस्टरबाजी का खेल देखते ही बनता है। शहर में हर जगह बड़े-बड़े होर्डिंग और पोस्टर ही पोस्टर नजर आ रहे हैं, जिसमें लोगों को लुभाने वाले वादे के साथ-साथ प्रत्याशियों और उनके निवेदक की तस्वीर छपी है। होर्डिंग में राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के नेताओं की तस्वीर लगी है। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आते जा रहे हैं वैसे-वैसे पोस्टरवार भी तेज होता जा रहा है।
कहीं कहीं तो देखते ही बनता है कि एक मकान में कई प्रत्याशियों के पोस्टर लगाने को लेकर होड़ सी मच चुकी है। मकानों की दीवारें भी यह तय नहीं कर पा रही हैं कि उसकी जद में रहने वाले मतदाता का रूझान किस प्रत्याशी की ओर है। वहीं प्रत्याशी भी पसोपेश में हैं कि किस घर के आंगन का वोट उनका है और किसका वोट उनके विरोधी को जाएगा। मतदाताओं के मिजाज को परखने में प्रत्याशी भी नाकाम हैं, क्योंकि उनकी खामोश लबों ने बेचैनी बढ़ा दी है।
यही नहीं कई जगह नुक्कड़ नाटक के जरिये सभी पार्टियां अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील करते इसमें नजर आ रहे हैं। कांग्रेस और झामुमो ने भी अपने होर्डिंग मेन रोड, रातू रोड, कांटा टोली जैसे प्रमुख स्थानों पर लगाये हैं।