झारखंड
लोईंगा गांव में चार बच्चों की मौत, चार की हालत नाजुक
By Deshwani | Publish Date: 9/4/2018 11:31:19 AMरांची। झारखंड के पलामू जिले के पाटन प्रखंड के लोईंगा गांव के चार बच्चों की मौत टीकाकरण के कारण हो गयी। कल गांव के ही आंगनबाड़ी केंद्र में इन बच्चों को टीका लगाया गया था। मरने वाले बच्चों की उम्र एक से दो साल के बीच थी। चार अन्य बच्चे बीमार हैं। इनमें से एक बच्चे को रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है। तीन बच्चों का इलाज मेदिनीनगर सदर अस्पताल मे चल रहा है।
जबकि गांव के ही चार अन्य बच्चों की स्थिति काफी नाजुक बतायी जा रही है। सभी बीमार बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्त्ती कराया गया है। वहीं बच्चों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने एएनएम को बंधक बना लिया है। लोईंगा गांव के स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों को डीपीटी और मिजिल्स का टीका लगाया गया है। लेकिन घर लाने के बाद से ही बच्चों की तबीयत खराब होने लगी थी और बच्चे उल्टी तथा दस्त से पीड़ित हो गये और आज सुबह बच्चों ने दम तोड़ दिया। चारों मृतक बच्चे अलग-अलग परिवार के है। परिजन मौत का कारण टीकाकरण ही बता रहे है।
बच्चों की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लोइंगा स्वास्थ्य केंद्र के एएनएम को बंधक भी बना लिया। परिजनों का आरोप है कि टीकाकरण से ही बच्चों की मौत हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।