झारखंड
नगर निगम चुनाव : करंट लगने से प्रत्याशी की मौत
By Deshwani | Publish Date: 4/4/2018 4:55:50 PMजमशेदपुर। नगर निगम चुनाव के प्रचार के लिए कपाली में बिजली के खंभे पर झंडा टांग रहे तीन लोगों को करंट लग गया। करंट लगने वाले में एक उम्मीदवार भी शामिल था। करंट लगने वाले में अपना किस्मत आजमा रहे प्रत्याशी नूर मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके दो अन्य सहयोगी बुरी तरह झुलस गए। तीनों लोग बिजली के खंभे के करीब झंडा बांध रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कपाली थाने की पुलिस पहुंच गई है। मामले की जांच चल रही है।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि नूर मोहम्मद कपाली के वार्ड नंबर 10 से उम्मीदवार थे। वे अपना झंडा और बैनर बिजली के खंभे के पास बांध रहे थे। इस दौरान उनके साथ उनके समर्थक फैयाज और कामरान अंसारी भी मौजूद थे। झंडा बांधने के क्रम में तीनों करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने के बाद तीनों अचेत होकर गिर पड़े। नूर मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, घटना के बाद इलाके में कोहराम मच गया है। बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पर हाल-चाल जानने पहुंचने लगे हैं। वार्ड नंबर दस में चुनावी रंग फीका पड़ गया है। अब आशंका जताई जा रही है कि इस वार्ड में चुनाव स्थगित भी हो सकता है। वैसे जिला प्रशासन ने अभी इसकी कोई घोषणा नहीं की है।