झारखंड
भोला यादव के खिलाफ कोर्ट ने जारी किया नोटिस
By Deshwani | Publish Date: 3/4/2018 3:42:56 PMरांची। सीबीआई की विशेष अदालत ने चारा घोटाले मामले में राष्ट्रीय जनता दल विधायक भोला यादव के खिलाफ मंगलवार को नोटिस जारी किया है। अदालत ने उन्हें 19 अप्रैल को अदालत में हाजिर होने का आदेश दिया गया है। सीबीआई के स्पेशल कोर्ट के न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत ने भोला यादव के खिलाफ अवमानना का नोटिस जारी किया है। भोला यादव बिहार के बहादुरपुर विधानसभा से विधायक हैं और पूर्व मुख्यमंत्री सह राजद सुप्रीमो लालू यादव के बेहद करीबी हैं।
दुमका कोषागार से अवैध निकासी से जुड़े मामले से संबंधित मामले लालू प्रसाद को सजा सुनाए जाने के बाद भोला यादव ने मीडिया में बयान दिया था कि पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर लालू प्रसाद को सजा सुनाई है। अदालत ने इस पर संज्ञान लेकर नोटिस जारी किया है। वहीं, चारा घोटाला मामले में सोमवार को भी सुनवाई हुई। डोरंडा कोषागार अवैध निकासी मामले में सीबीआई ने दो लोगों की गवाही को रिकॉर्ड किया। सीबीआई की विशेष अदालत ने दोनों गवाहों को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए गवाही करायी।