झारखंड
खूंटी से चार नक्सली हथियार के साथ गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 1/4/2018 7:02:38 PM खूंटी। खूंटी जिले के कर्रा के नगड़ा जंगल के पास से पीपुल्स लिबरेशन फोर्स ऑफ इंडिया के चार उग्रवादियों को पुलिस ने धर दबोचा। गिरफ्तार किये गये सभी उग्रवादी तिलकेश्वर गोप गिरोह के सदस्य हैं। इन्हें तड़के छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये चार उग्रवादियों के नाम सुखदेव सिंह, चंद्र किशोर गोप, अकबर गोप और अर्जुन ओहदार हैं। अर्जुन नगड़ी का रहने वाला है, जबकि बाकी तीन बकसपुर साकेटोली के हैं।
पुलिस ने बताया कि एसपी अश्विनी सिन्हा को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ उग्रवादी सक्रिय हैं। एसपी ने एएसपी (ऑपरेशन) अनुराग राज के नेतृत्व में कर्रा के थाना प्रभारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिये. एएसपी के साथ मिलकर कर्रा के थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता और सहायक अवर निरीक्षक जवाहर चौधरी पुलिस बल लेकर नगड़ा जंगल के समीप पहुंचे। पुलिस को देखकर नक्सली भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें खदेड़कर धर दबोचा।
गिरफ्तार किये गये नक्सलियों के पास से एक दो नाली बंदूक, .315 का एक राइफल, 12 बोर के 6 जिंदा कारतूस, .315 के 4 जिंदा कारतूस, लेवी मांगने के लिए इस्तेमाल किये गये दो मोबाइल फोन के अलावा पीएलएफआइ के लिए चंदा एकत्र करने की रसीद के दो बुक बरामद हुए हैं।