झारखंड
नक्सलियों ने तीन ग्रामीणों को उतारा मौत के घाट
By Deshwani | Publish Date: 29/3/2018 4:58:57 PMहजारीबाग। चुरचू प्रखंड के आगों थाना क्षेत्र में भाकपा नक्सलियों ने दो ग्रामीणों का अपहरण कर हत्या कर दी है। यह घटना देर रात की है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुुलिस मुखबिरी का आरोप लगा कर नक्सलियों ने पश्चिम सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बरायबीर गांव के टीपूसाई में एक व्यक्ति की हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों के हथियारबंद दस्ते ने आगों गांव के श्यामलाल और घनश्याम लाल महतो को जबरन घर से निकाला और चुरचू जंगल में ले जाकर गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। नक्सलियों ने दोनों ग्रामीणों पर पुलिस के लिए मुखबिरी करने का आरोप लगाया था। सूचना के अनुसार थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। नक्सलियों की गिरफ्तारी को लेकर जंगल में सीआरपीएफ के जवानों के साथ छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
पुुलिस मुखबिरी का आरोप लगा कर नक्सलियों ने देर रात पश्चिम सिंहभूम जिले के बरायबीर गांव के टीपूसाई में एक व्यक्ति की हत्या कर दी। खबर है कि मृतक शिवा चौकीदारी का काम करता था। जिस कारण नक्सलियों को उस पर पुलिस मुखबिरी का संदेह था। नक्सलियों ने शिवा की हत्या करने के बाद शव के पास पोस्टर छोड़ा है और उसकी बाईक को भी आग के हवाले कर दिया है।