झारखंड
शत्रुघ्न सिन्हा ने दी लालू से मिलने की अर्जी
By Deshwani | Publish Date: 24/3/2018 2:33:45 PMरांची। भाजपा से रूठे सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करने के लिए रांची जेल अधीक्षक को एक अर्जी भेजी है। अर्जी में भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के साथ-साथ समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद किरणमय नंदा और समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव का नाम दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्जी पर जेल अधीक्षक की मंजूरी मिल गई है। जेल अधीक्षक ने अर्जी टीप लिखा है कि इन्हें लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करने की स्वीकृति दी जाए। अर्जी में मूलाकात करने की तिथि 24 मार्च दशार्या गया है। लालू यादव से किरणमय नंदा और शत्रुघ्न सिन्हा मुलाकात करने वाले हैं।
सूत्रों की माने तो यह मुलाकात बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि लालू को चारा घोटाले के दुमका कोषागार से जुड़े चौथे मामले में रांची की विशेष सीबीआई अदालत द्वारा अलग-अलग धाराओं के तहत 7-7 साल की दो सजा सुनाई गई है और 30-30 लाख का जुर्माना भी लगाया गया है। इस उठापटक राजनीतिक माहौल ने मुलाकात को बड़ा ही दिलचस्प मोड़ पर खड़ा कर दिया है। धीरे-धीरे कर विपक्षी पार्टियां भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट होने लगी हैं। एक ओर जहां कांग्रेस सबको एकसाथ यूपीए के बैनर के तले लाने की कोशिश में लगी है तो वहीं कुछ वरिष्ठ और महत्वाकांक्षी नेताओं की कोशिश तीसरे फ्रंट को साकार रूप देने की कोशिश करते नजर आ रहे है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह मुलाकात इसलिए अहम माना जा रहा है क्योंकि उत्तर प्रदेश और बिहार में इस वक्त महागठबंधन को मजबूत करने की कवायद तेज हो रही है और इसमें लालू प्रसाद यादव की भूमिका अहम हो सकती है।
जानकारों का मानना है कि शत्रुघ्न सिन्हा के इस अप्रत्याशित मुलाकात के पीछे शत्रुघ्न सिन्हा का विपक्ष के लिए उदार और अपनी सरकार को फटकार वाला रुख नया नहीं है। वो कई सालों से भाजपा सरकार से नाराज चल रहे हैं और समय-समय पर ट्वीट और बयान देकर अपना गुस्सा निकालते रहे हैं।