झारखंड
घूस लेते राजस्व कर्मचारी रंगेहाथ गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 1/2/2018 3:55:48 PMलातेहार (हि.स.)। जिले के बरवाडीह अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी ओमप्रकाश को तीन हजार रुपये घूस लेते गुरुवार को निगरानी टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। राजस्व कर्मचारी जमीन के दाखिल-खारिज को लेकर शंकर साव से 3000 घूस मांग रहा था। पैसे नहीं देने की वजह से राजस्व कर्मचारी शंकर साव को लगभग छह माह से दौड़ा रहा था। राजस्व कर्मचारी के इस रवैये से परेशान होकर शंकर साव ने एसीबी की टीम को इसकी जानकारी दी।
एसीबी की टीम ने शंकर साव को पैसे देकर कर्मचारी के पास भेजा। गुरुवार को जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने पैसे हाथ में लिए वैसे ही निगरानी की टीम ने उसे दबोच लिया। शंकर साव का कहना था कि राजस्व कर्मचारी ओम प्रकाश सिंह छोटे-छोटे काम के लिए भी परेशान करता था। इसकी शिकायत कई बार सीओ से भी की गई थी, पर कुछ सुनवाई नहीं हो रही थी। अंत में मजबूर होकर पीड़ित को निगरानी टीम से शिकायत करनी पड़ी।