झारखंड
मुख्यमंत्री ने किया बजट का स्वागत, विपक्ष ने बताया निराशाजनक
By Deshwani | Publish Date: 1/2/2018 3:50:29 PMरांची (हि.स.)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने लोकसभा में गुरुवार को अपना आखिरी बजट पेश किया, जिसमें कई तरह की घोषणाएं की गई। केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जहां इसे विकास को दर्शाने वाला बजट बताया, वहीं विपक्षी दलों ने इसे निराश करने वाला बताया।
मुख्यमंत्री ने बजट का स्वागत करते हुआ कहा कि यह बजट समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। निश्चित रूप से 2022 तक नया भारत देखने के मिलेगा।
राज्य के मुख्य विपक्षी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने केंद्रीय बजट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि सिर्फ बड़ी-बड़ी बातें हैं, इस बजट में। ध्यान भटकाने का प्रयास है। आम लोगों के लिए कोई राहत नहीं, निराश करने वाला बजट है।
बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के वरिष्ठ नेता बंधु तिर्की ने कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र, बेरोजगार एवं नौजवानों के लिए कोई नई योजना नहीं है, केवल जुमलेबाजी है। राजद प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार ने कहा कि भारत सरकार का यह बजट जनविरोधी व गरीब विरोधी है। बजट में गरीब तबके, बेरोजगार एवं नौजवानों के लिए कोई नई योजना नहीं है। व्यापारी वर्ग के लिए न ही जीएसटी में बदलाव किया गया और न ही इनकम टैक्स में कोई रियायत देने की योजना है। कुल मिलाकर हवा-हवाई बजट है। आम अवाम के विकास के लिए कुछ भी नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता किशोर शाहदेव ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि युवाओं को नौकरी देने के दावे का क्या हुआ। सिर्फ जुमले के सहारे जनता को बरगलाने की कोशिश है। दिशाहीन बजट है।