झारखंड
टीपीसी का नक्सली बसंत खरवार गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 20/1/2018 5:16:30 PMरांची/गढ़वा, (हि.स.)। गढ़वा पुलिस ने रमकंडा थाना क्षेत्र के बलीगढ़ खुतवा मोड़ स्थित निर्माणाधीन सड़क के पास से पुलिस ने एक टीपीसी नक्सली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली बसंत सिंह खरवार है। वह रंका थाना क्षेत्र के बारीडीह का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड 315 बोर की एक राइफल, तीन जिन्दा कारतूस, पिट्ठू, मोबाइल सहित अन्य सामान बरामद किया है। यह जानकारी शनिवार को प्रेसवार्ता में एसपी मो अर्शी ने दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की शाम को सूचना मिली थी कि नक्सली बसंत सिंह खरवार रमकंडा थाना क्षेत्र के बलीगढ़ मोड़ के समीप निर्माणाधीन सड़क के पास अपने सहयोगियों के साथ घूम रहा है। साथ ही वह किसी से लेवी वसूलने के लिए आया है। उन्होंने बताया कि इस आधार पर रमकंडा थाना प्रभारी प्रकाश रजक के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। इसके बाद उक्त स्थान की घेराबंदी की गयी। उन्होंने कहा कि घेराबंदी की भनक लगते ही नक्सली जंगल का फायदा उठाकर वहां से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने बसंत सिंह खरवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से भी एक और दोनाली बंदूक व एक 12 बोर की गोली भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में बसंत खरवार ने बताया कि सहयोगियों के साथ मिलकर एक नये उग्रवादी संगठन बनाने के फिराक में थे। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि बसंत खरवार के खिलाफ रमकंडा सहित अन्य थाना क्षेत्र में कई मामले दर्ज हैं।