झारखंड
अमृत योजना के तहत शहर में बनेंगे जल मीनार
By Deshwani | Publish Date: 15/1/2018 11:10:16 AMरांची (हि.स.)। रांची में अमृत योजना के तहत दो फेज में वाटर सप्लाई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसे लेकर रांची नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि फेज-1 में 344 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए शहर के 14 स्थलों पर जल मीनार का निर्माण किया जाएगा। जल मीनार निर्माण के लिए चार स्थानों की जमीन का एनओसी मिल गया है, जबकि 10 स्थानों पर जमीन का मामला अभी लटका हुआ है। इसे लेकर बीते दिनों कंसलटेंट एनजेएस के अधिकारियों ने रांची नगर निगम और पार्षदों को जानकारी दी थी।
जलमीनार तक पानी पहुंचाने के लिए रूक्का डैम से नया राइजिंग पाइप लाइन बिछाई जाएगी। यह रिंग रोड होते हुए झिरी से तुपुदाना तक जाएगी। फेज वन में एमजी रोड के दाएं तरफ का क्षेत्र आएगा। जबकि दूसरे फेज को दो जोन में बांटा गया है। इसमें कुल 23 रिजर्वायर बनाया जाएगा जिसमें 14 के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने बताया कि अमृत योजना को लेकर बीते दिनों एनजेएस के अधिकारियों के साथ बैठक हुई थी जिसमें विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई थी। जलमीनार बनाने को लेकर तैयारी की जा रही है।