झारखंड
पीएलएफआई के एरिया कमांडर सहित 4 उग्रवादी गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 7/1/2018 7:37:40 PM गुमला, (हि.स.)। गुमला पुलिस ने पीएलएफआई के एरिया कमांडर सहित चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एरिया कमांडर अनुज धनवार उर्फ पंकज, सदस्य अजीत उरांव, चरवा उरांव और रामानंद महतो हैं। इन लोगों के पास से एक पिस्तौल, 12 बोर का दो जिंदा गोली, एक खोखा, एके-47 का दो जिंदा गोली, उग्रवादी परचा व एक मोटर साइकिल बरामद हुआ है।
एसपी अंशुमान कुमार ने रविववार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पांच जनवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुमला थाना के सिलाफारी गांव में कुछ उग्रवादी दहशत पैदा करने के लिए किसी घटना को अंजाम देने पहुंचे हैं। तुरंत पुलिस टीम का गठन कर गांव भेजा गया। पुलिस पहुंची तो तीन उग्रवादी भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो उग्रवादियों ने जानलेवा हमला के नीयत से फायरिंग करने लगे। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलायी। भागने के क्रम में एक उग्रवादी एरिया कमांडर अनुज धनवार को पकड़ा गया। उससे पूछताछ के बाद अन्य तीन उग्रवादियों को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि सिलाफारी में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में सरगना संजय महतो उर्फ संतोष टाइगर भाग निकला। पुलिस अब संजय को पकड़ने के लिए खोज रही है। पकड़े गये चारों उग्रवादी गुमला, घाघरा, बिशुनपुर व अन्य थाना क्षेत्रों में हावी थे।