झारखंड
सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के मामले में प्राथमिकी
By Deshwani | Publish Date: 30/12/2017 11:05:40 AMरांची,( हि. स. )। लालपुर थाने में शुक्रवार को नगर निगम की इंफोर्समेंट आॅफिसर अख्तर हक और संजीव कुमार ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में इंफोर्समेंट आॅफिसर ने बताया है कि शुक्रवार की दोपहर वार्ड 21 के अंतर्गत दुलिया मेडिकल हॉल से वार्ड कार्यालय होते हुए सरकुलर रोड तक पथ एवं नाली निर्माण का कार्य कराया जा रहा था। निर्माण कार्य में स्थानीय निवासी द्वारा बार-बार व्यवधान उत्पन्न किया जा रहा है। इसी कार्य में शुक्रवार को कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, एवं कनीय अभियंता की उपस्थिति में अतिक्रमण शाखा के कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति हुई थी। कार्य के दौरान स्थानीय निवासी सुमित्रा देवी अपने सहयोगी प्रकाश कुमार, दिपक, राजेंद्र महतो, कोमल कुमारी समेत अन्य लोगों के साथ कार्यस्थल पहुंची और काम बंद करा दिया। इस दौरान प्रतिनियुक्त कर्मियों के साथ लोगों ने हाथापाई भी की। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।