झारखंड
रघुवर सरकार के तीन साल, रोजगार के अवसर अपार : दीनदयाल
By Deshwani | Publish Date: 27/12/2017 6:10:30 PMरांची, (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल बरनवाल ने रघुवर सरकार के तीन साल पूरे होने पर बधाई दी है। उन्होंने यहां कहा कि झारखंड के लिए यह भी एक सुखद क्षण है कि कोई सरकार तीन वर्ष तक अपना कार्यकाल पूरा कर पाई। राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास 24 घंटे राज्य की तरक्की के बारे में सोचते रहते हैं जिस कारण आज देश का आर्थिक रूप से सबसे ज्यादा तरक्की करने वाला राज्य झारखंड बन पाया है।
उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के लिए सबसे बड़ा मापदंड होता है, रोजगार का सृजन करना। रघुवर सरकार ने कई तरीके अपना कर रोजगार सृजन करने का कार्य किया, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नीति लागू कर राज्य के युवा और महिलाओं को करीब एक लाख रोजगार देने का कार्य किया। मोमेंटम झारखंड के माध्यम से करीब 200 उद्योगों को झारखंड में उतारने का कार्य रघुवर सरकार ने किया। कौशल विकास के माध्यम से युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षित कर करीब 50,000 नए रोजगार का सृजन किया गया। लाह, मधुमक्खी पालन, पशु पालन, मत्स्य पालन, तसर और हस्तशिल्प जैसे कुटीर उद्योग को बढ़ावा देकर करीब पांच लाख गरीब महिलाओं एवं पुरुषों को कुटीर उद्योग से जोड़ा गया। जोहार योजना के अंतर्गत भी रोजगार देकर झारखंड को तरक्की के रास्ते पर लाया जा रहा है।