झारखंड
जाम के झाम से निजात नहीं, लोग परेशान
By Deshwani | Publish Date: 27/12/2017 3:08:58 PMरांची, (हि.स.)। रांची में इन दिनों जाम की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल रही है। जाम के कारण आए दिन लोग परेशानी से जूझते नजर आते हैं। हरमू रोड पर जाम लगना यहां की कॉमन समस्या हो गई है। हालांकि यातायात पुलिस द्वारा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस जाम से स्थाई रूप से निपटने में सफल नहीं हो रही है। यही हाल शहर के मेन रोड पर भी है।
मेन रोड में भी एक-दो घंटे छोड़ दिया जाए तो हमेशा जाम लगा रहता है। शहर के रातू रोड, किशोरगंज चौक, डोरंडा, लालपुर चौक, प्लाजा चौक, कांटा टोली चौक सहित अन्य जगहों पर अभी भी जाम लग रहा है। ऐसे में जाम से शहरवासियों को कैसे मुक्ति मिले? यह यातायात पुलिस के लिए एक चुनौती बनी हुई है।
इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी दिलीप खलखो का कहना है कि राजधानी को जाम से मुक्त बनाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा कई ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की गई है। कई जगहों पर जाम पर काबू पा लिया गया है लेकिन कुछ ऐसी जगह हैं जहां अभी भी जाम लग रहा है। जब तक आम जनता जागरूक नहीं होगी, तब तक जाम से निजात नहीं मिल सकेगा। इसलिए जनता को भी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सहयोग करनी चाहिए। ताकि लोगों को जाम से छुटकारा मिल सके।