झारखंड
वंशवाद और जातिवाद की राजनीति बंद करें विपक्ष : भाजपा
By Deshwani | Publish Date: 20/12/2017 10:08:22 AMरांची, (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर ने कहा है कि विपक्ष को गुजरात से सबक लेना चाहिए। झारखंड में नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन और बाबूलाल मरांडी के भरोसे कांग्रेस की नैया पार नहीं होने वाली, बल्कि कांग्रेस के चक्कर में वे भी डूब जायेंगे। विपक्ष को समझ लेना चाहिए कि जनता ने वंशवाद-जातिवाद-तुष्टिकरण की राजनीति को नकार दिया है। गुजरात-हिमाचल में विकास की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस खुद तो डूबी ही, अखिलेश यादव की राजनीति भी खत्म हो गई। गुजरात में उधार के जातिवादी युवा नेताओं के भरोसे राहुल गांधी ने चुनावी समर में भाजपा को शिकस्त देने की रणनीति बनाई। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणामों से झारखंड में भी विपक्ष को सीख लेनी चाहिए और बड़बोलेपन से बाज आना चाहिए। विपक्ष को राज्य के विकास में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। प्रभाकर ने कहा कि जनता भाजपा के विकास का स्वाद चख चुकी है। अब वह दिग्भ्रमित होने वाली नहीं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में झारखंड विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है।